शर्मीली बाघिन जिसने बरेली की बंद फैक्ट्री पर किया राज
🐾 अनुराग शुक्ला नेपाल से सटे तराई क्षेत्र के लखीमपुर खीरी और पीलीभीत के जंगल जैवविधता से संपन्न हैं। खीरी का दुधवा नेशनल पार्क और पीलीभीत टाइगर रिजर्व बाघों के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। हम यहां बात करेंगे एक ऐसी बाघिन जिसने इन जंगलों से बहुत दूर बरेली की एक बंद पड़ी फैक्ट्री को अपना ठिकाना बनाया। अपने मूल आक्रामक स्वभाव के विपरीत शांत होने के कारण बाघिन को 'शर्मीली' नाम मिला। इस बाघिन ने फैक्ट्री पर सालभर से अधिक समय तक राज किया। बरेली शहर से करीब 27 किलोमीटर दूर फतेहगंज पश्चिमी में रबर फैक्ट्री है। करीब 22 वर्षों से बंद पड़ी फैक्ट्री का 1270 एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में फैला विशाल परिसर अब जंगल का रूप ले चुका है। यह स्थान शांत वातावरण, घास की उपलब्धता और छिपने के लिए बड़ी-बड़ी झाड़ियों के कारण हिरनों, चीतालों और जंगली सुअरों का पसंदीदा जगह बन गया। इसी फैक्ट्री में 13 मार्च 2020 को एक बाघिन के दिखने से आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। यहां बाघिन की मौजूदगी ने मीडिया में सुर्खिंया बटोरी। शहर के इतने पास किसी विडालवंशी के होने मात्र की कल्पना से वन्यज...